Uttar Pradesh: कार्तिक शुक्ल पक्ष की हरि प्रबोधिनी एकादशी (देवोत्थान एकादशी) एवं पावन तुलसी विवाह के शुभ अवसर पर आज श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर स्थित प्राचीन श्री बद्रीनारायण मंदिर में भगवान श्री विष्णु के स्वरूप भगवान श्री बद्रीनारायण का अत्यंत मनोहारी एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया।
इस पावन अवसर पर मध्याह्न 12:30 बजे भगवान श्री बद्रीनारायण का षोडशोपचार पूजन वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। तदुपरांत 11 शास्त्रियों द्वारा सामूहिक रूप से वैदिक परंपरा के अनुसार पुरुषसूक्त का सस्वर पाठ किया गया।
धार्मिक अनुष्ठान के उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव एवं हरि-हर के जयघोष से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री बद्रीनारायण के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर पूजन-अर्चन किया तथा पुण्य लाभ प्राप्त किया।
हरि प्रबोधिनी एकादशी एवं तुलसी विवाह के इस पावन अवसर पर मंदिर में संपन्न धार्मिक अनुष्ठान ने वैदिक परंपराओं एवं सनातन धार्मिक संस्कृति की दिव्यता को अभिव्यक्त किया।
॥ श्रीकाशीविश्वनाथो विजयतेतराम ॥



