SSC Grade C Exam: SSC की स्टेनोग्राफर ग्रेड-C विभागीय परीक्षा के फॉर्म भरे जा रहे, 320 पदों पर चयन का मौका

SSC Grade C Exam: स्टेनोग्राफर ग्रेड-D के पात्र कर्मचारियों के लिए 320 संभावित पद, 8 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन

SSC Grade C Exam:  केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में स्टेनोग्राफर ग्रेड-D के पद पर कार्यरत कर्मचारियों के लिए ग्रेड-C में चयन का अवसर आया है। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने स्टेनोग्राफर ग्रेड-C लिमिटेड डिपार्टमेंटल कॉम्पिटिटिव एग्जामिनेशन 2026 का नोटिफिकेशन जारी करते हुए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस परीक्षा के माध्यम से छह केंद्रीय सेवाओं और संवर्गों में कुल 320 संभावित रिक्तियों को भरा जाना है।

यह परीक्षा खुली भर्ती नहीं है। इसमें केवल निर्धारित सेवा शर्तों को पूरा करने वाले संबंधित विभागों के स्टेनोग्राफर ग्रेड-D कर्मचारी ही हिस्सा ले सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया 17 नवंबर से शुरू हो चुकी है और इच्छुक पात्र कर्मचारी 8 दिसंबर 2026 रात 11 बजे तक ऑनलाइन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

केंद्रीय सचिवालय सेवा में सबसे ज्यादा पद

SSC ने छह अलग-अलग सेवाओं के लिए रिक्तियों का विवरण जारी किया है। इनमें सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेनोग्राफर सर्विस का हिस्सा सबसे बड़ा है। पदों का ब्योरा इस प्रकार है:

  • सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेनोग्राफर सर्विस: 287 पद
  • आर्म्ड फोर्सेज हेडक्वार्टर स्टेनोग्राफर: 14 पद
  • रेलवे बोर्ड सेक्रेटेरिएट स्टेनोग्राफर सर्विस: 8 पद
  • इंडियन फॉरेन सर्विस ब्रांच: 8 पद
  • सेंट्रल विजिलेंस कमीशन: 2 पद
  • इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया: 1 पद

इन सभी सेवाओं को मिलाकर 320 संभावित रिक्तियां निर्धारित की गई हैं। आयोग ने अलग-अलग संवर्गों के लिए सेवा अवधि और उसकी गणना की निर्णायक तारीख भी अलग रखी है। इसलिए सभी कर्मचारियों की पात्रता एक जैसी नहीं होगी।

आवेदन के बाद विभाग को भेजनी होगी प्रति

ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 8 दिसंबर 2026 रात 11 बजे है। इसके बाद आवेदन का प्रिंट निकालकर विभागीय प्रक्रिया के तहत SSC नॉर्दर्न रीजन कार्यालय भेजना होगा।

सामान्य उम्मीदवारों के लिए विभाग से अग्रेषित आवेदन की प्रिंटेड कॉपी कार्यालय में पहुंचने की अंतिम समयसीमा 22 दिसंबर 2026 शाम 6 बजे निर्धारित की गई है। वहीं विदेश, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप के उम्मीदवारों के लिए यह तारीख 29 दिसंबर 2026 शाम 6 बजे है।

परीक्षा केंद्र के शहर की जानकारी परीक्षा से करीब 10 दिन पहले आयोग की वेबसाइट पर दी जाएगी। एडमिट कार्ड परीक्षा से तीन से चार दिन पहले जारी किए जाने की जानकारी दी गई है।

तीन आधारों पर तैयार होगी चयन सूची

इस विभागीय परीक्षा में उम्मीदवारों का चयन केवल कंप्यूटर आधारित परीक्षा के अंकों से नहीं होगा। इसके लिए तीन हिस्सों में मूल्यांकन किया जाएगा।

  • कंप्यूटर आधारित परीक्षा: 200 अंक
  • स्टेनोग्राफी स्किल टेस्ट: 200 अंक
  • सर्विस रिकॉर्ड: 100 अंक

सर्विस रिकॉर्ड के मूल्यांकन में वार्षिक प्रदर्शन मूल्यांकन रिपोर्ट (APAR) सहित विभागीय सेवा संबंधी विवरणों को शामिल किया जाएगा। इस तरह कुल 500 अंकों के आधार पर उम्मीदवारों का आकलन होगा।

आवेदन करने का तरीका

पात्र कर्मचारियों को ऑनलाइन आवेदन के लिए SSC की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर जाना होगा। आवेदन की प्रक्रिया इस प्रकार है:

  1. वेबसाइट पर जाकर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) पूरा करें।
  2. रजिस्ट्रेशन के बाद अपने अकाउंट में लॉगिन करें।
  3. संबंधित विभाग और सेवा से जुड़ी जानकारी दर्ज करें।
  4. आवेदन के दौरान लाइव फोटो कैप्चर करें और मांगे गए दस्तावेज अपलोड करें।
  5. सभी विवरण जांचने के बाद फॉर्म सबमिट कर दें।
  6. आवेदन का प्रिंट निकालकर विभागीय माध्यम से SSC नॉर्दर्न रीजन कार्यालय भेजें।

फॉर्म भरने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

यह परीक्षा केवल निर्धारित विभागीय कर्मचारियों के लिए है। ऐसे में आवेदन करने से पहले संबंधित संवर्ग की सेवा अवधि, पात्रता और निर्णायक तारीख की जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन से जरूर मिलान कर लें। आवेदन में विभागीय विवरण या दस्तावेजों से जुड़ी गलती होने पर परेशानी हो सकती है। उम्मीदवारों को ऑनलाइन फॉर्म जमा करने के साथ उसकी प्रिंटेड कॉपी भेजने की समयसीमा का भी ध्यान रखना होगा।

Related Articles