Diljit Dosanjh: मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ का ‘ऑरा टूर’ लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। दिल्ली से शुरू हुए इस म्यूजिक टूर को लेकर पहले भी कई तरह के विवाद सामने आ चुके हैं। अब अहमदाबाद में होने वाले उनके कॉन्सर्ट से पहले चार गानों को लेकर आपत्ति जताई गई है। वहीं, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस कॉन्सर्ट से पहले चंडीगढ़ के पीजीजीसी-46 में समाजशास्त्र के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पंडित राव धरेन्नावर ने दिलजीत दोसांझ से चार गाने मंच पर नहीं गाने की मांग की है। इनमें ‘पटियाला पैग’, ‘पंज तारा’, ‘जे बिछो फीम लब्बिया’ और ‘जट्ट उठे फायर करदा’ शामिल हैं।
प्रोफेसर का आरोप है कि इन गानों के बोल शराब, नशीले पदार्थों और हथियारों की संस्कृति को बढ़ावा देते हैं। उनका कहना है कि इस तरह के गीतों का बच्चों और युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने 2019 में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से जुड़े एक मामले का हवाला देते हुए कहा कि शराब, नशे और मादक पदार्थों को बढ़ावा देने वाले गानों को मंच पर प्रस्तुत नहीं किया जाना चाहिए।
डॉ. धरेन्नावर का दावा है कि दिलजीत दोसांझ ने इंदौर और दिल्ली के कार्यक्रमों में भी इन गानों को प्रस्तुत किया था। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि अहमदाबाद के कॉन्सर्ट में भी ये गाने गाए गए तो वह गुजरात हाईकोर्ट में अवमानना याचिका दाखिल करेंगे।
90 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने का अनुमान
कॉन्सर्ट में बड़ी संख्या में दर्शकों के आने की संभावना को देखते हुए अहमदाबाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की है। पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गेहलोत के मुताबिक, नरेंद्र मोदी स्टेडियम में करीब 85 हजार दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन से जुड़े कर्मचारियों और सुरक्षा व्यवस्था में लगे लोगों को मिलाकर यह संख्या 90 हजार से अधिक हो सकती है।
कार्यक्रम के दौरान लगभग 2,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा राज्य रिजर्व पुलिस की तीन कंपनियां, बम निरोधक दस्ते (बीडीडीएस), क्विक रिस्पांस टीमें, क्राइम ब्रांच और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
600 सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
स्टेडियम और उसके आसपास निगरानी के लिए करीब 600 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। प्रवेश और निकास द्वारों पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) के जरिए जांच की जाएगी। इसके साथ ही करीब 1,500 निजी सुरक्षाकर्मियों को भी तैनात किया जाएगा। पुलिस ने कार्यक्रम स्थल के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए भी विशेष योजना तैयार की है।
पानी की बोतल और बैग ले जाने पर रोक
कॉन्सर्ट में आने वाले दर्शकों के लिए कुछ सुरक्षा संबंधी नियम भी तय किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल के भीतर पानी की बोतल और बैग ले जाने की अनुमति नहीं होगी। दर्शकों की सुविधा के लिए सामान रखने हेतु लॉकर की व्यवस्था की गई है। महिला दर्शकों को छोटा पावर बैंक साथ ले जाने की अनुमति होगी।
दिलजीत दोसांझ के अहमदाबाद कॉन्सर्ट से पहले एक ओर जहां गानों को लेकर विवाद सामने आया है, वहीं दूसरी ओर पुलिस और आयोजक बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।



