India Nepal Relations: भारत और नेपाल ने अपने आपसी संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के बीच सोमवार को हुई द्विपक्षीय वार्ता के बाद दोनों देशों ने आठ अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इन समझौतों के जरिए अंतरिक्ष तकनीक, शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस प्रशिक्षण, प्रशासनिक क्षमता निर्माण और शहरी विकास जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल को 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा भी की।
दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच करीब 100 मिनट तक बातचीत हुई। बैठक में नेपाल की आर्थिक और तकनीकी क्षमताओं को बढ़ाने के साथ-साथ दोनों देशों के बीच सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत नेपाल में स्टार्टअप इनक्यूबेटर, इनोवेशन हब और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) का ऑफशोर कैंपस स्थापित करने में सहयोग करेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि नेपाली विद्यार्थियों के लिए भारत में कानून और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में छात्रवृत्ति के अवसर बढ़ाए जाएंगे। इसके अलावा खाद्य प्रसंस्करण और कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन करने के उद्देश्य से नेपाल में एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने में भी भारत मदद करेगा।
फॉरेंसिक विज्ञान और पुलिस प्रशिक्षण में बढ़ेगा सहयोग
भारत और नेपाल के बीच हुए आठ समझौतों में सुरक्षा और प्रशासनिक प्रशिक्षण से जुड़े विषय भी शामिल हैं। गुजरात के गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय और नेपाल पुलिस के अपराध जांच विभाग के बीच शिक्षा, अनुसंधान और फॉरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में सहयोग किया जाएगा।
इसके साथ ही भारत की राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी और नेपाल पुलिस अकादमी मिलकर पुलिसकर्मियों को आधुनिक और बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए काम करेंगी। दोनों देशों के प्रमुख प्रशिक्षण संस्थान नेपाल के सरकारी अधिकारियों की प्रशासनिक क्षमता बढ़ाने और कार्यप्रणाली में सुधार के लिए भी सहयोग करेंगे।
आयुर्वेद, स्वास्थ्य और पशुपालन पर भी सहमति
समझौतों के तहत भारत और नेपाल आयुर्वेद तथा पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करेंगे। नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और उपचार उपलब्ध कराने के लिए भी दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाया जाएगा।
इसके अलावा पशुपालन और मत्स्य पालन के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग तथा कारोबार को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी है। इससे इन क्षेत्रों से जुड़े कामकाज और उत्पादन को प्रोत्साहन देने में मदद मिल सकती है।
दक्षिण एशिया सैटेलाइट से बेहतर होगा संचार नेटवर्क
अंतरिक्ष और संचार के क्षेत्र में भी दोनों देशों ने साझेदारी आगे बढ़ाने का फैसला किया है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और नेपाल के संचार मंत्रालय के बीच दक्षिण एशिया सैटेलाइट के इस्तेमाल को लेकर सहयोग होगा। इसका उद्देश्य नेपाल में संचार नेटवर्क को बेहतर बनाना है।
वहीं, शहरी विकास के क्षेत्र में दोनों देश आधुनिक, टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल शहरों के निर्माण के लिए तकनीक और अनुभव साझा करेंगे। इन पहलों के जरिए शहरी सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने पर जोर रहेगा।
बालेन शाह ने मोदी को दी रुद्राक्ष की माला
बैठक के दौरान भारत और नेपाल के सांस्कृतिक रिश्तों की झलक भी देखने को मिली। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रुद्राक्ष की माला भेंट की। इसके जवाब में पीएम मोदी ने बालेन शाह को त्रिवेणी का जल उपहार स्वरूप दिया। दोनों नेताओं के बीच इस मुलाकात में द्विपक्षीय संबंधों के साथ सांस्कृतिक और धार्मिक जुड़ाव भी चर्चा का हिस्सा रहा।
अयोध्या और जनकपुरधाम के बीच शुरू हुई रेल सेवा
द्विपक्षीय बैठक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने अयोध्या और जनकपुरधाम के बीच चलने वाली नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा का उद्घाटन किया। करीब 604 किलोमीटर लंबी यह रेल सेवा भारत में भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और नेपाल में माता सीता की जन्मभूमि जनकपुरधाम को सीधे रेल संपर्क से जोड़ेगी।
इस मार्ग पर अयोध्या धाम, गोरखपुर, बस्ती, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर प्रमुख ठहराव होंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार ट्रेन जनकपुरधाम से प्रत्येक शनिवार और अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार को रवाना होगी।
इस रेल संपर्क से दोनों देशों के श्रद्धालुओं और यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और भारत-नेपाल के नागरिकों के बीच संपर्क को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।



