Peru Earthquake: दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में शुक्रवार शाम भूकंप के तेज झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। अलग-अलग भूकंप निगरानी एजेंसियों ने इसकी तीव्रता 6.7 से 6.8 के बीच दर्ज की। भूकंप का केंद्र कारहुआमायो शहर से करीब नौ किलोमीटर उत्तर-पूर्व में बताया गया है। राजधानी लीमा सहित आसपास के कई क्षेत्रों में भी धरती कांपने से लोग घबराकर अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए।
पेरू के भूभौतिकी संस्थान और अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने भूकंप की तीव्रता 6.7 बताई, जबकि जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (जीएफजेड) के अनुसार इसकी तीव्रता 6.8 थी। भूकंप का केंद्र एंडीज पर्वतीय क्षेत्र के जूनिन प्रांत में जमीन से करीब 129 किलोमीटर नीचे दर्ज किया गया।
शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, भूकंप के कारण किसी की मौत या बड़े पैमाने पर संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं मिली। हालांकि, झटके महसूस होते ही कई इलाकों में लोग एहतियातन खुले स्थानों की ओर चले गए। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
लीमा के साथ पुकाल्पा में भी महसूस हुए झटके
राजधानी लीमा के अलावा पुकाल्पा सहित दूसरे शहरों में भी कुछ सेकंड तक धरती में कंपन महसूस किया गया। स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार, एक टीवी समाचार कार्यालय में झटके महसूस होने पर कर्मचारी घबरा गए। कई दुकानों और निजी स्वास्थ्य केंद्रों में मौजूद लोग भी सुरक्षा के लिहाज से बाहर निकल आए। चिकित्सा केंद्रों के कर्मचारियों ने भी एहतियातन परिसर खाली किया। कुछ समय बाद हालात सामान्य हो गए।
सुनामी का खतरा नहीं
भूकंप के बाद सुनामी की आशंका को लेकर भी निगरानी की गई। अमेरिकी राष्ट्रीय सुनामी चेतावनी केंद्र ने स्पष्ट किया कि इस भूकंप से कैलिफोर्निया, ओरेगन, वाशिंगटन, ब्रिटिश कोलंबिया और अलास्का के तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी का कोई खतरा नहीं है। पेरू में भी सुनामी का खतरा नहीं होने की जानकारी दी गई।
अल नीनो को लेकर पहले से सतर्कता
पेरू में अल नीनो से जुड़ी परिस्थितियों को देखते हुए पहले से ही आपदा प्रबंधन और सुरक्षा तैयारियों पर जोर दिया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर लोगों को आपात स्थिति से निपटने के लिए मॉक ड्रिल भी कराई गई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब दो सप्ताह पहले जिरोन जावाला इलाके में भी ऐसी ही एक अभ्यास गतिविधि आयोजित की गई थी। शुक्रवार को आए भूकंप के बाद लोगों में फिर से सतर्कता बढ़ गई।



