Ramayana Movie: बॉलीवुड निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित और भव्य फिल्म ‘रामायण: द राइज ऑफ अ लेजेंड’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है और फैंस रणबीर कपूर को भगवान राम के अवतार में देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, इसी बीच मेकर्स द्वारा रविवार को रिलीज किया गया फिल्म का नया गाना ‘मंगल रंग’ विवादों में घिर गया है। गाने के कंपोजिशन को लेकर मशहूर ऑस्कर विजेता म्यूजिक डायरेक्टर एआर रहमान सोशल मीडिया पर ट्रोल्स के निशाने पर आ गए हैं।
भगवान राम और माता सीता के प्रेम पर आधारित है गाना
‘मंगल रंग’ गाने को भारत के दो दिग्गज गायकों—अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है। यह गाना भगवान श्री राम और माता सीता के पवित्र प्रेम, उनके विवाह और जीवन के साथ के सफर को खूबसूरत अंदाज में पेश करने की कोशिश करता है। लेकिन इसके रिलीज होते ही गाने का कव्वाली और सूफी टच वाला म्यूजिक कई श्रोताओं और सोशल मीडिया यूजर्स को बिल्कुल रास नहीं आया।
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने निकाली भड़ास
गाने का म्यूजिक सामने आते ही एक्स (ट्विटर) पर लोगों ने एआर रहमान और फिल्म के मेकर्स की आलोचना करनी शुरू कर दी।
-
एक यूजर ने नाराजगी जताते हुए लिखा, “वाल्मीकि रामायण जैसे पवित्र महाकाव्य में सूफी या कव्वाली का संगीत डालना बॉलीवुड की पुरानी सोच और भटकाव को दर्शाता है। इसमें न तो हमारी भारतीय संस्कृति की समझ दिखती है और न ही कोई रिसर्च। पवित्र इतिहास को किसी साधारण रोमांटिक बॉलीवुड फिल्म की तरह दिखाना बंद होना चाहिए।”
-
एक अन्य यूजर ने निराशा जाहिर करते हुए लिखा, “रामायण में कव्वाली? एआर रहमान ने एक बार फिर निराश किया है।”
-
वहीं, कई यूजर्स ने सुझाव दिया कि रामायण जैसी दिव्य फिल्म के लिए कव्वाली धुन के बजाय संस्कृत श्लोकों और विशुद्ध भारतीय शास्त्रीय संगीत का इस्तेमाल किया जाना चाहिए था, जो इसे 100 गुना बेहतर बना सकता था।
5 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म
तमाम विवादों और आलोचनाओं के बावजूद फिल्म ‘रामायण’ को लेकर बॉक्स ऑफिस पर भारी क्रेज बना हुआ है। इसका पहला पार्ट ‘रामायण: द राइज ऑफ अ लेजेंड’ 5 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगा। फिल्म में रणबीर कपूर (भगवान राम) और साई पल्लवी (माता सीता) के अलावा साउथ सुपरस्टार यश रावण की भूमिका में, सनी देओल हनुमान जी के रोल में और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आने वाले हैं। अब देखना यह होगा कि गानों पर हो रहे इस विवाद का असर फिल्म की ओपनिंग पर पड़ता है या नहीं।



