Kulgam Encounter: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त अभियान में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों को मार गिराया गया। मारे गए आतंकियों में संगठन का शीर्ष कमांडर मोहम्मद लतीफ भट भी शामिल बताया जा रहा है। इस कार्रवाई को हाल ही में कुलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों की ओर से तेज किए गए अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त रूप से आतंकियों के खिलाफ अभियान चलाया। मुठभेड़ के दौरान दोनों आतंकियों को मार गिराया गया। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, लतीफ भट लंबे समय से सुरक्षा बलों की तलाश में था। उस पर कई आतंकी गतिविधियों में शामिल होने और हालिया कुलगाम हमले की साजिश रचने का आरोप था।
गौरतलब है कि 11 नवंबर को कुलगाम में आतंकियों ने हमला किया था, जिसमें सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। सुरक्षाबलों ने आतंकियों की तलाश में अभियान तेज करते हुए विभिन्न इलाकों में निगरानी और तलाशी अभियान शुरू किया था।
हमले के बाद सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने कश्मीर का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की थी। इस दौरान अधिकारियों के साथ बैठक कर मौजूदा हालात और आतंकवाद विरोधी अभियानों की जानकारी ली गई थी।
सीआरपीएफ के विशेष महानिदेशक संदीप खिरवार ने बताया था कि कुलगाम हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों को अलर्ट कर दिया गया है। हमले में शामिल आतंकियों के संबंध में सुराग मिले थे और उनकी तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा था।
इसी बीच कुलगाम हमले के 24 घंटे के भीतर किश्तवाड़ में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की हत्या की घटना भी सामने आई थी। मृतकों की पहचान बाबी चंद और यशपाल कुमार के रूप में हुई थी। बताया गया था कि दोनों एक आतंकवाद विरोधी अभियान में सेना की मदद के लिए जा रहे थे।
लगातार सामने आ रही आतंकी घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जम्मू-कश्मीर में निगरानी और तलाशी अभियान तेज कर दिया है। कुलगाम में हुई ताजा मुठभेड़ को इसी अभियान की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।



