JEE Main 2027: जेईई मेन 2027 के लिए आवेदन की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बड़ी राहत दी है। अब आधार कार्ड और कक्षा 10वीं की मार्कशीट में नाम की स्पेलिंग या विवरण अलग होने पर अभ्यर्थियों को आवेदन रद्द होने की चिंता करने की जरूरत नहीं है। एनटीए ने स्पष्ट किया है कि केवल इस अंतर के आधार पर किसी उम्मीदवार की उम्मीदवारी प्रभावित नहीं होगी। हालांकि, आवेदन फॉर्म में नाम भरते समय विद्यार्थियों को 10वीं के प्रमाणपत्र में दर्ज नाम का ही इस्तेमाल करना होगा।
इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों के सामने रजिस्ट्रेशन के दौरान दस्तावेजों से जुड़ी कई तरह की समस्याएं आती हैं। इन्हीं परेशानियों को दूर करने के लिए एनटीए ने 48 अक्सर पूछे जाने वाले सवालों (FAQ) की सूची जारी की है। इसमें आधार कार्ड, डिजिलॉकर, APAAR ID, शैक्षणिक योग्यता, परीक्षा केंद्र और आवेदन में सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई है।
10वीं के दस्तावेज में दर्ज नाम ही होगा मान्य
एनटीए के मुताबिक, यदि आधार कार्ड पर उम्मीदवार का नाम और 10वीं की मार्कशीट में दर्ज नाम एक-दूसरे से थोड़ा अलग है, तो उसे लेकर परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। अभ्यर्थी को आवेदन पत्र में वही नाम लिखना होगा, जो उसकी कक्षा 10वीं की मार्कशीट में मौजूद है। एजेंसी ने साफ किया है कि आधार कार्ड में नाम की वर्तनी अलग होने से अपने आप उम्मीदवार की उम्मीदवारी निरस्त नहीं होगी।
APAAR ID के बिना भी पूरा होगा रजिस्ट्रेशन
एनटीए ने APAAR ID को लेकर भी स्थिति स्पष्ट कर दी है। जेईई मेन 2027 के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के पास APAAR ID होना अनिवार्य नहीं है। इसके बिना भी वे रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
हालांकि, एजेंसी ने आवेदन से पहले डिजिलॉकर की री-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है। इससे आवेदन के कन्फर्मेशन पेज पर अभ्यर्थी की नवीनतम फोटो सही तरीके से दिखाई देने में मदद मिलेगी। यदि डिजिलॉकर में लॉगिन करने में दिक्कत आती है तो विद्यार्थी अपने निजी लॉगिन क्रेडेंशियल्स का इस्तेमाल कर दोबारा प्रयास कर सकते हैं।
कैटेगरी सर्टिफिकेट अपलोड करने की जरूरत नहीं
आवेदन प्रक्रिया में कैटेगरी प्रमाणपत्र को लेकर भी एनटीए ने जरूरी जानकारी दी है। जेईई मेन 2027 के रजिस्ट्रेशन के समय उम्मीदवारों को कैटेगरी सर्टिफिकेट अपलोड करना अनिवार्य नहीं है। हालांकि, प्रमाणपत्र का नंबर, जारी होने की तारीख और इसे जारी करने वाले प्राधिकारी का विवरण आवेदन में भरना होगा।
वहीं, शैक्षणिक सत्र 2026-27 में 12वीं की परीक्षा देने वाले ऐसे विद्यार्थी जिनका रोल नंबर या रजिस्ट्रेशन नंबर अभी जारी नहीं हुआ है, वे आवेदन के दौरान ‘नॉट अवेलेबल’ विकल्प चुन सकते हैं। दूसरी ओर, इंप्रूवमेंट परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को ‘पास्ड’ विकल्प का चयन करना होगा।
चार परीक्षा शहर चुनने का विकल्प
परीक्षा केंद्र के चयन के लिए अभ्यर्थियों को अधिकतम चार पसंदीदा शहर चुनने की सुविधा मिलेगी। यह विकल्प निर्धारित पते से संबंधित पात्रता शर्तों के अधीन होगा। आवेदन के दौरान यदि सिस्टम लाइव फोटो स्वीकार नहीं करता है तो उम्मीदवार दोबारा फोटो खींचकर अपलोड कर सकते हैं।
एनटीए ने यह भी स्पष्ट किया है कि अप्रैल 2027 में आयोजित होने वाले दूसरे सत्र में शामिल होने के इच्छुक विद्यार्थियों को अलग से आवेदन करना होगा। पहले सत्र के लिए किया गया रजिस्ट्रेशन दूसरे सत्र के लिए स्वतः मान्य नहीं होगा।
जेईई मेन 2027 सेशन-1 की महत्वपूर्ण तारीखें
एनटीए की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, जेईई मेन 2027 के पहले सत्र के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 22 नवंबर 2026 रात 11:50 बजे तक है। विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने का मौका 23 से 26 नवंबर तक मिलेगा। इसके बाद 27 से 29 नवंबर के बीच आवेदन पत्र में सुधार किया जा सकेगा।
पहले सत्र की परीक्षा 20 से 30 जनवरी 2027 के बीच संभावित है। वहीं, दूसरे सत्र के लिए रजिस्ट्रेशन 5 जनवरी से 3 फरवरी 2027 तक निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे फॉर्म भरने से पहले सभी दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़ें और दस्तावेजों में दर्ज विवरण के अनुसार ही जानकारी उपलब्ध कराएं।



