Yogi Adityanath: गंभीर मरीजों को इलाज के लिए मिलेगी सरकारी मदद, सीएम योगी ने दिया भरोसा

Yogi Adityanath: गोरखनाथ मंदिर के जनता दर्शन में करीब 150 लोगों से मिले मुख्यमंत्री योगी, अधिकारियों को समयबद्ध और निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश

Yogi Adityanath: गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों के इलाज में आर्थिक परेशानी बाधा नहीं बनेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान उपचार के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को यह भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार जरूरतमंदों के इलाज में पूरी मदद करेगी। पहले पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएंगे और यदि इसके बाद भी आर्थिक सहायता की जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति आयुष्मान कार्ड से वंचित न रहे। जरूरतमंदों के कार्ड बनवाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए, ताकि बीमारी की स्थिति में उन्हें उपचार कराने में परेशानी न हो और इलाज निर्बाध रूप से जारी रह सके।

करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं

गोरखनाथ मंदिर परिसर में महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 150 लोगों से मुलाकात की। वह लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों से मिले प्रार्थना पत्रों को अपने हाथ में लेकर उन्होंने शिकायतों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।

मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए कहा कि प्रत्येक मामले का निस्तारण तय समयसीमा में किया जाए। कार्रवाई निष्पक्ष होनी चाहिए और शिकायत लेकर आए व्यक्ति को उसके परिणाम से संतुष्टि भी मिलनी चाहिए।

जमीन पर अवैध कब्जे के मामलों में कार्रवाई के निर्देश

जनता दर्शन में जमीन पर कब्जे से संबंधित शिकायतें भी पहुंचीं। मुख्यमंत्री ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को विधिसम्मत और सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिकायतों को अनदेखा न किया जाए और संबंधित मामलों में नियमों के अनुसार प्रभावी कदम उठाए जाएं।

गोशाला में भोलू और छुटकी को दुलारा

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री की सुबह की दिनचर्या भी परंपरागत रही। उन्होंने सबसे पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ के दर्शन किए और अपने ब्रह्मलीन गुरु महंत अवेद्यनाथ का आशीर्वाद लिया। इसके बाद मंदिर परिसर स्थित गोशाला पहुंचकर गोसेवा की।

मुख्यमंत्री ने गोवंश को अपने हाथों से रोटी और गुड़ खिलाया। इस दौरान उन्होंने भोलू नाम के बछड़े और छुटकी नाम की बछिया को आवाज देकर अपने पास बुलाया और स्नेहपूर्वक दुलार किया। मुख्यमंत्री के पास आने के लिए गोवंश उत्सुक नजर आए। उन्हें अधिक नजदीक आते देख मुख्यमंत्री ने प्यार से समझाते हुए कहा, ‘अपनी जगह पर ही रहो, नहीं तो चोट लग जाएगी।’

Related Articles