Kieron Pollard: वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड ने टी20 क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। वह इस प्रारूप में 15 हजार रन बनाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इंटरनेशनल लीग टी20 2026 में एमआई एमिरेट्स की कप्तानी कर रहे पोलार्ड ने टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबले में डेजर्ट वाइपर्स के खिलाफ 15 रन बनाए। इस मैच से पहले उन्हें 15 हजार रन पूरे करने के लिए केवल एक रन की जरूरत थी।
इस उपलब्धि के साथ पोलार्ड ने टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। इस सूची में इंग्लैंड के जोस बटलर 15,062 रनों के साथ पहले नंबर पर हैं। पोलार्ड के नाम अब 15,014 रन दर्ज हैं। वह बटलर से केवल 48 रन पीछे हैं। ऐसे में अगले मुकाबले में पोलार्ड के पास टी20 क्रिकेट का सबसे ज्यादा रन बनाने वाला बल्लेबाज बनने का मौका होगा।
टी20 में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में जोस बटलर और कीरोन पोलार्ड के बीच करीबी मुकाबला है। इनके अलावा क्रिस गेल, एलेक्स हेल्स और डेविड वार्नर जैसे दिग्गज भी इस सूची में शामिल हैं।
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले शीर्ष 10 बल्लेबाज:
- जोस बटलर – 15,062 रन
- कीरोन पोलार्ड – 15,014 रन
- एलेक्स हेल्स – 14,581 रन
- क्रिस गेल – 14,562 रन
- डेविड वार्नर – 14,411 रन
- विराट कोहली – 14,218 रन
- जेम्स विंस – 14,218 रन
- शोएब मलिक – 13,571 रन
- क्विंटन डिकॉक – 13,046 रन
- फाफ डुप्लेसिस – 12,784 रन
सबसे ज्यादा टी20 मैच खेलने का रिकॉर्ड भी पोलार्ड के नाम
कीरोन पोलार्ड के नाम टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा मुकाबले खेलने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। उन्होंने अब तक 755 टी20 मैच खेले हैं। इस सूची में वेस्टइंडीज के ही सुनील नरेन दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 618 मुकाबलों में हिस्सा लिया है। पोलार्ड का लंबा टी20 करियर उनकी निरंतरता और इस प्रारूप में अनुभव को दर्शाता है।
ऐसा रहा है पोलार्ड का टी20 करियर
पोलार्ड ने टी20 क्रिकेट में अब तक 672 पारियों में बल्लेबाजी की है। इस दौरान उन्होंने 31.67 की औसत और 150.84 के स्ट्राइक रेट से 15,014 रन बनाए हैं। उनके नाम दो शतक और 71 अर्धशतक दर्ज हैं। टी20 में उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 104 रन है।
गेंदबाजी में भी पोलार्ड ने उपयोगी योगदान दिया है। उन्होंने 436 पारियों में गेंदबाजी करते हुए कुल 341 विकेट हासिल किए हैं। उनका गेंदबाजी औसत 25.36 रहा है, जबकि एक पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4 विकेट देकर 15 रन देना है। वह टी20 क्रिकेट में आठ बार एक पारी में चार विकेट लेने का कारनामा भी कर चुके हैं।



