Bollywood Celebrity Wedding: हिंदी सिनेमा में खलनायक की भूमिकाओं से पहचान बनाने वाले अभिनेता रंजीत के परिवार में इन दिनों जश्न का माहौल है। उनकी बेटी दिव्यांका बेदी ने अपने लंबे समय के बॉयफ्रेंड अपूर्व माथुर के साथ शादी कर ली है। दोनों ने भव्य समारोह के बजाय सादगी को प्राथमिकता दी और परिवार के सदस्यों तथा करीबी दोस्तों की मौजूदगी में रजिस्टर्ड मैरिज की। शादी के बाद सामने आए वीडियो और तस्वीरों में दिव्यांका का वेडिंग लुक और पिता रंजीत के साथ उनकी डांस करते हुए एंट्री खास तौर पर चर्चा में है।
दिव्यांका और अपूर्व की शादी में फिल्मी सितारों की बड़ी जमात नजर नहीं आई। कपल ने अपने इस खास मौके को निजी समारोह के रूप में मनाया। हालांकि, सोशल मीडिया पर उनकी शादी की झलकियां सामने आने के बाद प्रशंसकों का ध्यान उनके पहनावे और शादी के खास पलों पर टिक गया है।
दुल्हन के लिबास में दिखा पारंपरिक और मॉडर्न अंदाज
दिव्यांका बेदी ने शादी के लिए लाल रंग की बनारसी साड़ी पहनी थी। इसके साथ उन्होंने गुलाबी रंग का ट्यूब टॉप पहना, जो उनके लुक को अलग अंदाज दे रहा था। उन्होंने अपने पहनावे के साथ हल्की जूलरी और मांग टीका चुना। सिर पर दुपट्टा लेने या घूंघट करने के बजाय उन्होंने खुले अंदाज में मेसी बन हेयरस्टाइल रखा। उनका पूरा लुक पारंपरिक और आधुनिक फैशन का मेल नजर आया।
वहीं, अपूर्व माथुर लाल रंग की हैवी कढ़ाई वाली शेरवानी में दिखाई दिए। शादी की तस्वीरों में दोनों एक साथ नजर आए और उनकी जोड़ी आकर्षण का केंद्र बनी रही।
ढोल की थाप पर पिता रंजीत के साथ की एंट्री
शादी के समारोह का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दिव्यांका अपने पिता रंजीत का हाथ पकड़कर स्टेज की ओर बढ़ती दिखाई देती हैं। ढोल की थाप के बीच पिता-बेटी की यह एंट्री खास रही। स्टेज पर पहुंचने के बाद दिव्यांका ने अपूर्व को गले लगाया और फिर उनके साथ डांस किया।
समारोह की दूसरी तस्वीरों में दिव्यांका और अपूर्व एक-दूसरे को वरमाला पहनाते नजर आ रहे हैं। वहीं, एक अन्य तस्वीर में अपूर्व दिव्यांका की मांग में सिंदूर भरते दिखाई देते हैं। शादी के इन खास पलों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जा रहे हैं।
फिटनेस कोच हैं दिव्यांका, डिजाइनिंग से भी जुड़ाव
दिव्यांका बेदी का पेशेवर जीवन भी फिटनेस और फैशन से जुड़ा है। वह फिटनेस कोच हैं और मुंबई में अपना जिम चलाती हैं, जहां लोगों को ट्रेनिंग देती हैं। इसके अलावा वह फैशन और ज्वेलरी डिजाइनिंग के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। उनकी अपनी डिजाइन फर्म ‘गिगि बी डिजाइन’ है।
अपूर्व माथुर भी फिटनेस ट्रेनर हैं। दोनों साथ मिलकर जिम चलाते हैं। लंबे समय तक एक-दूसरे के साथ रिश्ते में रहने के बाद अब दिव्यांका और अपूर्व ने शादी कर अपने संबंध को नया पड़ाव दिया है।



