Sheikh Hasina: 16 दिसंबर को हसीना की वापसी पर बांग्लादेश में दो अलग-अलग दावे, संसद अध्यक्ष ने किया खंडन

Sheikh Hasina: हफीज उद्दीन अहमद ने प्रत्यर्पण के मुद्दे पर भारत के सामने अंतरराष्ट्रीय न्यायालय का विकल्प रखा, कहा- बांग्लादेश लौटने पर हसीना को जाना होगा जेल

Sheikh Hasina: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को भारत से वापस लाने की कोशिशों के बीच ढाका ने अब अंतरराष्ट्रीय न्यायालय का विकल्प सामने रखा है। पाकिस्तान दौरे पर पहुंचे बांग्लादेश की संसद के अध्यक्ष हफीज उद्दीन अहमद ने कहा है कि यदि भारत शेख हसीना के प्रत्यर्पण से इनकार करता है तो बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) का दरवाजा खटखटा सकता है। उनके इस बयान से हसीना के प्रत्यर्पण का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

बीबीसी उर्दू की रिपोर्ट के मुताबिक, अहमद ने पाकिस्तान की छह दिवसीय यात्रा के दौरान कहा कि बांग्लादेश राजनयिक माध्यमों से शेख हसीना को वापस लाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि हसीना यदि बांग्लादेश लौटती हैं तो उन्हें जेल जाना पड़ेगा। भारत ने बांग्लादेश की ओर से प्रत्यर्पण अनुरोध मिलने की पुष्टि की है, लेकिन इस पर अभी तक अंतिम निर्णय नहीं लिया है। भारत का कहना है कि मामले को निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत देखा जा रहा है।

16 दिसंबर को वापसी की खबर पर जताई असहमति

बांग्लादेश के संसद अध्यक्ष ने शेख हसीना के 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की खबरों को भी खारिज किया। उन्होंने दावा किया कि उनकी वापसी की घोषणा समर्थकों का मनोबल बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है। अहमद के मुताबिक, शेख हसीना अगले दस वर्षों तक बांग्लादेश नहीं लौटेंगी।

हालांकि, हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की योजना बना रही हैं। उन्होंने उनकी वापसी के लिए राष्ट्रीय विमानन कंपनी की उड़ान उपलब्ध कराने की मांग भी की है। 16 दिसंबर बांग्लादेश का विजय दिवस है। इसी दिन वर्ष 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ मुक्ति संग्राम में मिली जीत की याद में देश में समारोह आयोजित किए जाते हैं।

बांग्लादेश में हसीना को सुनाई गई है मौत की सजा

शेख हसीना को अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ा था। इसके बाद वह बांग्लादेश से भारत आ गई थीं। उनके खिलाफ बांग्लादेश में वर्ष 2024 के आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई घातक कार्रवाई से संबंधित मुकदमा चलाया गया। इस मामले में एक विशेष न्यायाधिकरण ने उनकी अनुपस्थिति में उन्हें मौत की सजा सुनाई है।

शेख हसीना ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने मुकदमे की वैधता पर भी सवाल उठाए हैं। ऐसे में उनके प्रत्यर्पण का मुद्दा दोनों देशों के बीच संवेदनशील कूटनीतिक विषय बना हुआ है।

1971 के मुक्ति संग्राम को लेकर भारत पर लगाए आरोप

पाकिस्तान यात्रा के दौरान हफीज उद्दीन अहमद ने वर्ष 1971 के मुक्ति संग्राम में भारत की भूमिका को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय भारत ने बंगालियों की मदद करने के बजाय पाकिस्तान को कमजोर करने में भूमिका निभाई। उन्होंने यह भी दावा किया कि पिछले 15 वर्षों में बांग्लादेश की स्थिति ऐसी हो गई थी, जैसे वह किसी पड़ोसी देश का उपनिवेश बन गया हो। हालांकि, इस टिप्पणी में उन्होंने सीधे तौर पर भारत का नाम नहीं लिया।

अहमद पूर्व सैन्य अधिकारी हैं। वह 1971 के मुक्ति संग्राम के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ संघर्ष में शामिल हुए थे। पाकिस्तान में दिए गए उनके इन बयानों ने बांग्लादेश की मौजूदा राजनीति के साथ-साथ दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों को लेकर भी बहस को हवा दी है।

कश्मीर का मुद्दा भी उठाया

बांग्लादेशी संसद अध्यक्ष ने पाकिस्तान में बातचीत के दौरान कश्मीर का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इस विवाद का समाधान संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के अनुसार किया जाना चाहिए। इस तरह उनकी पाकिस्तान यात्रा के दौरान शेख हसीना के प्रत्यर्पण, 1971 के मुक्ति संग्राम और कश्मीर जैसे मुद्दे चर्चा के केंद्र में रहे।

अहमद का ICJ जाने संबंधी बयान ऐसे समय आया है, जब बांग्लादेश शेख हसीना को वापस लाने के लिए भारत के साथ राजनयिक स्तर पर प्रयास कर रहा है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में मामला ले जाने को लेकर अभी किसी औपचारिक कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।

 

Related Articles