Uttarakhand Accident: उत्तराखंड में सड़क दुर्घटना ने छीनी सात जिंदगियां, पांच महिलाएं अस्पताल में भर्ती

Uttarakhand Accident: मैक्स वाहन 200 मीटर गहरी खाई में गिरा, पांच महिलाएं घायल।

Uttarakhand Accident: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। लैंसडाउन क्षेत्र के रिखणीखाल ब्लॉक में कलवाड़ी गांव के पास यात्रियों से भरी एक मैक्स गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 200 से 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में छह महिलाओं और वाहन चालक समेत सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच महिलाएं घायल हो गईं।

जानकारी के मुताबिक, वाहन में कुल 12 लोग सवार थे। सभी लोग बैणी-भुली योजना से जुड़े आवेदन भरने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कलवाड़ी के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि सात लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

स्थानीय लोगों ने सबसे पहले संभाला मोर्चा

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और खाई में फंसे लोगों को निकालने में जुट गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस, जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें भी बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचीं।

स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों की मदद से पांच घायल महिलाओं को बाहर निकालकर उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल के आसपास तलाशी अभियान चलाया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि खाई में कोई अन्य व्यक्ति फंसा न हो।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया गहरा दुख

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल क्षेत्र में हुए इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि कलवाड़ी में हुए भीषण सड़क हादसे का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति देने की कामना भी की।

घायलों को एयरलिफ्ट करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और गंभीर रूप से घायल लोगों को जरूरत पड़ने पर एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

विधायक दलीप रावत ने भी जताई संवेदना

लैंसडाउन के विधायक दलीप रावत ने भी इस दुर्घटना पर दुख जताया। उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट साझा कर बताया कि रिखणीखाल ब्लॉक के कलवाड़ी गांव के पास मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से लोगों के हताहत होने की सूचना मिली है। उन्होंने ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना की थी।

हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस और प्रशासन की ओर से दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles