Yogi Adityanath: बाल विवाह की कुप्रथा पर रोक लगाने के लिए उत्तर प्रदेश में चलाए जा रहे अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत प्रदेश में अब तक 23.16 लाख से अधिक लोगों को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई जा चुकी है। इसके साथ ही जागरूकता के उद्देश्य से 2.82 लाख से ज्यादा गतिविधियां आयोजित की गई हैं। राज्य के सभी 75 जिलों में प्रशासनिक तंत्र और स्थानीय लोगों की सहभागिता से इस मुहिम को आगे बढ़ाया जा रहा है।
सरकार का जोर केवल बाल विवाह रोकने तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों की पढ़ाई जारी रखने, उनकी सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने पर भी है। अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा तथा आत्मनिर्भरता का संदेश दिया जा रहा है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, बाल विवाह से संबंधित संकेतकों पर उत्तर प्रदेश की स्थिति राष्ट्रीय औसत से बेहतर है।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव के दिशा-निर्देशों पर महिला कल्याण विभाग अभियान की गतिविधियों का समन्वय कर रहा है। जिलाधिकारियों की निगरानी में शिक्षा, पंचायती राज, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभाग भी इसमें सहयोग कर रहे हैं। जिला, तहसील, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारियों को नामित किया गया है। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों की मदद से निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले गांवों को बाल विवाह मुक्त घोषित करने की प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है।
स्कूलों से लेकर परिवारों तक पहुंच रहा जागरूकता का संदेश
महिला कल्याण विभाग की निदेशक सी. इंदुमति ने बताया कि 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक अभियान के तीनों विषयगत क्षेत्रों में एक साथ कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इनमें शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से जागरूकता फैलाना, परिवारों से संवाद करना और धार्मिक एवं सामुदायिक नेतृत्व को अभियान में शामिल करना प्रमुख है।
उन्होंने बताया कि सामूहिक विवाह आयोजनों में निर्धारित नियमों और मानकों का पालन कराने के साथ अभिलेखों के सत्यापन तथा नियमित निगरानी पर भी ध्यान दिया जा रहा है। हेल्पलाइन पर अन्य राज्यों से जुड़े बाल विवाह के मामलों की जानकारी भी मिल रही है। ऐसी सूचनाओं पर महिला कल्याण विभाग संबंधित राज्यों और जिलों के अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में समन्वय कर रहा है।
अंतरराष्ट्रीय दिवस पर एक साथ जागरूक हुए सभी जिले
बाल विवाह, अल्पायु विवाह और जबरन विवाह के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस पर 27 नवंबर को प्रदेश के सभी जिलों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, ग्राम पंचायतों, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक संगठनों और किशोर-किशोरियों ने भाग लिया।
इन कार्यक्रमों में सामूहिक शपथ दिलाने के साथ लोगों से संवाद किया गया। प्रतिभागियों ने बाल विवाह रोकने और बच्चों की शिक्षा व सुरक्षा को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। इस मौके पर नागरिकों से कहा गया कि यदि उन्हें कहीं बाल विवाह होने की आशंका हो या इसकी जानकारी मिले तो वे संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना दें।
बाल विवाह की जानकारी देने के लिए ये नंबर हैं उपलब्ध
बाल विवाह की आशंका या घटना की सूचना देने के लिए सरकार ने नागरिकों से तीन हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने की अपील की है।
- 1098: चाइल्ड हेल्पलाइन
- 181: महिला हेल्पलाइन
- 112: आपातकालीन सेवा
इन नंबरों पर सूचना मिलने से संबंधित अधिकारियों को समय रहते मामले में जरूरी सहायता और हस्तक्षेप करने में मदद मिल सकती है।
तीन चरणों में आगे बढ़ रहा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने 27 नवंबर 2024 को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शुरुआत की थी। इसके तहत तीन चरणों में लगातार 100-100 दिनों के अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
पहले चरण में विद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को शपथ, संवाद, निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के जरिए जागरूक किया गया। दूसरे चरण में धर्मगुरुओं, धार्मिक संस्थानों और विवाह सेवा प्रदाताओं को अभियान से जोड़ा गया। तीसरे चरण में ग्राम पंचायतों और नगर निकायों के माध्यम से समुदाय की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। उत्तर प्रदेश में भी इसी रणनीति के तहत सरकारी विभागों और समाज के विभिन्न वर्गों को साथ लेकर बाल विवाह की रोकथाम के प्रयास किए जा रहे हैं।



