रॉकी और रानी की प्रेम कहानी की शूटिंग के लिए जल्द ही दिल्ली रवाना होंगे रणवीर-आलिया

जब से करण जौहर ने अपनी अगली फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी का ऐलान किया है, यह लगातार सुर्खियों में है। इस फिल्म में रणवीर सिंह और आलिया भट्ट मुख्य भूमिका निभाने वाले हैं। आए दिन फिल्म से जुड़ी नई जानकारी सामने आ रही है। अब खबर है कि इस फिल्म की शूटिंग के लिए रणवीर और आलिया जल्द ही दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक, रॉकी और रानी की प्रेम कहानी एक बंगाली लड़के और पंजाबी लड़के के प्रेम संबंधों पर आधारित है। इस फिल्म की ज्यादातर शूटिंग दिल्ली में होनी है। दिल्ली शेड्यूल पूरा होने से काफी हद तक फिल्म की शूटिंग पूरी हो जाएगी। रणवीर-आलिया 15 अक्टूबर से दिल्ली में फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे। शूट से एक या दो दिन पहले दोनों दिल्ली के लिए निकल जाएंगे, जहां उनके 20 या 25 दिनों तक रहने की उम्मीद है।
धर्मेंद्र भी इस फिल्म में एक खास भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सितंबर में मुंबई में इस फिल्म की शूटिंग के दौरान सेट से एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह मस्ती करते दिख रहे थे। धर्मेंद्र ने कहा था कि वह दर्शकों की शुभकामनाओं से कैमरे के सामने रोमांस कर रहे हैं। इस फिल्म में धर्मेंद्र का रोमांटिक अवतार देखने को मिलेगा। अब वह दिल्ली शेड्यूल में शामिल होंगे या नहीं, फिलहाल यह जानकारी नहीं मिली है।
इस फिल्म से करण जौहर पांच साल बाद निर्देशन की दुनिया में वापसी कर रहे हैं। करण ने जुलाई में इस फिल्म की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि यह एक प्रेम कहानी है, लेकिन यह सामान्य प्रेम कहानी नहीं होगी। रॉकी और रानी दर्शकों को एक ऐसी यात्रा पर ले जाएगी, जिससे सामान्य प्रेम कहानियों को फिर से परिभाषित करने में मदद मिलेगी। इस फिल्म में जया बच्चन और शबाना आजमी भी एक अहम भूमिका निभा रही हैं।
रणवीर जल्द ही कबीर खान के निर्देशन में बनी फिल्म 83 में नजर आएंगे। वह निर्देशक शंकर की फिल्म अन्नियन के हिंदी रीमेक में काम कर रहे हैं। फिल्म सर्कस, जयेशभाई जोरदार और सूर्यवंशी भी उनके खाते से जुड़ी है। दूसरी तरफ आलिया फिल्म आरआरआर से साउथ इंडस्ट्री में कदम रख रही हैं। उन्हें फिल्म ब्रह्मास्त्र में रणबीर कपूर के साथ देखा जाएगा। वह शाहरुख खान के होम प्रोडक्शन में बन रही फिल्म डार्लिंग्स का भी हिस्सा हैं।

Related Articles