भारत को कोई छेड़ेगा, तो छोड़ेंगे नहीं, सेना को खुली छूट :राजनाथ सिंह

लखनऊ ! रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में आयोजित अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के रजत जयंती समारोह में भारत के खिलाफ साजिश रचने वालों को बड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर कोई हमारे खिलाफ कुछ करता है, तो हम उसे नहीं बख्शेंगे। अंतरराष्ट्रीय जगत में हाल ही के वर्षों में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। धीर-धीरे हम यह संदेश देने में सफल हुए हैं कि अगर कोई भी देश भारत के खिलाफ कोई भी साजिश करता है, तो भारत उसे नहीं बख्शेगा। भारत को कोई छेड़ेगा, तो भारत उसे छोड़ेगा नहीं, भले ही वह देश कितना भी ताकतवर क्यों न हो। हम अपने जवानों के हाथों को नहीं बांधेंगे।

उन्हें निर्णय लेने की खुली छूट है। हम सेना के फैसले के साथ खड़े रहेंगे। एक रक्षा मंत्री के रूप में मैं कहना चाहता हूं कि उनका फैसला जाने-अनजाने में गलत भी होगा, तब भी हम अपने देश के जवानों के साथ खड़े रहेंगे।वहीं, पाकिस्तान के साथ भी भारत के रिश्ते मधुर नहीं हैं। राजनाथ सिंह ने अपने बयान से सभी विरोधियों को एक साथ जवाब दिया है। राजनाथ सिंह ने कहा कि अगर आज के भारत की बात करें तो इसे दुनिया के सबसे मजबूत देशों में एक माना जाता है। इस सच्चाई से कोई इनकार नहीं कर सकता कि वैश्विक समुदाय में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। रक्षा मंत्री ने कहा कि वर्ष 1971 की सीधी लड़ाई हो या वर्ष 1999 का कारगिल युद्ध हो, पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा। इन लड़ाइयों को हारने वाले पाकिस्तान को अब आतंकवाद से अपने संबंध तोडऩे ही पड़ेंगे। राजनाथ सिंह ने बिना चीन का नाम लिए हमला बोला। उन्होंने कहा कि हमारा एक पड़ोसी है, जिसने ठान रखा है कि विश्व में कोई भी हो, उसके साथ हमें मनमानी करनी है। कई देशों ने उनकी नीतियों का विरोध नहीं किया है, जबकि करना चाहिए था।

Related Articles