Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के आमेर इलाके में टूरिस्ट गाइड मनीष सोनी की हत्या के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने बाजार बंद कर दिए हैं और बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। कई जगहों पर जाम की स्थिति भी देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार, आमेर किले के पास पर्यटकों को रास्ता बताने को लेकर गाइड मनीष सोनी और एक जीप चालक के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान मनीष पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल मनीष को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश है। प्रदर्शनकारी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है और जांच जारी है।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आमेर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। निकाय चुनाव की वोटिंग से ठीक पहले हुई इस घटना ने प्रशासन की चिंता भी बढ़ा दी है।
written by Siddhi Srivastava



