Uttar Pradesh: मेरठ में नाले की सफाई के लिए महिला ने दी झूठी कॉल, 10 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

Uttar Pradesh: मेरठ शहर में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जहां नाले की सफाई कराने के लिए एक महिला ने पुलिस को झूठी सूचना दे दी। महिला ने डायल 112 पर कॉल कर दावा किया कि घर के पास बने गंदे नाले में कोई व्यक्ति गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और नगर निगम की टीमें तुरंत हरकत में आ गईं और मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि इलाके में बदबू और गंदगी की समस्या काफी समय से बनी हुई थी। स्थानीय लोगों ने कई बार सफाई की मांग भी उठाई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से महिला ने यह कदम उठा लिया। पुलिस और नगर निगम की टीमों ने करीब 10 घंटे तक नाले में सर्च ऑपरेशन चलाया। जेसीबी मशीनों से नाले की खुदाई और सफाई करवाई गई, ताकि किसी फंसे हुए व्यक्ति को ढूंढा जा सके। हालांकि, लंबे रेस्क्यू के बावजूद वहां कोई भी व्यक्ति नहीं मिला।

Also Read: Varanasi News-बीएचयू में एग्रीकल्चर प्रीमियर लीग सीज़न–07 शुरू, कुलपति ने किया उद्घाटन

घंटों की मशक्कत के बाद अधिकारियों को शक हुआ और जब आसपास के लोगों से पूछताछ की गई तो सच्चाई सामने आ गई। जांच में पता चला कि महिला ने सिर्फ नाले की सफाई करवाने के लिए झूठी कहानी गढ़ी थी। इस खुलासे के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने नाराजगी जताई और इसे सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग बताया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की झूठी सूचनाएं न सिर्फ कानूनन अपराध हैं, बल्कि इससे असली जरूरतमंदों तक मदद पहुंचने में भी देरी होती है। फिलहाल प्रशासन महिला के खिलाफ झूठी सूचना देने और सरकारी मशीनरी का गलत इस्तेमाल करने के आरोप में कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।

स्थानीय लोगों के बीच यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। कई लोग महिला के तरीके को गलत बता रहे हैं, तो कुछ लोग यह भी कह रहे हैं कि अगर समय पर सफाई होती तो शायद मामला यहां तक नहीं पहुंचता।

Related Articles