UP: लखनऊ के शीतला मंदिर में विधायक ने लगाया भेदभाव का आरोप, बोलीं- उचित सम्मान नहीं मिला; मंदिर प्रबंधक ने दावे को बताया गलत

काकोरी के शीतला मंदिर में भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विवाद सामने आया। मलिहाबाद विधायक जय देवी कौशल ने पूजा के दौरान उचित सम्मान नहीं मिलने का आरोप लगाया, जबकि मंदिर प्रबंधक ने भेदभाव के दावे को सिरे से खारिज किया।

UP: राजधानी लखनऊ के काकोरी स्थित शीतला मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान कथित भेदभाव को लेकर विवाद सामने आया है। मलिहाबाद विधायक जय देवी कौशल ने मंदिर प्रशासन पर उनके साथ उचित सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया। विधायक के बेटे विकास किशोर की ओर से सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने के बाद मामला चर्चा में आ गया।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार को मंदिर में शिलान्यास और भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान विधायक के अलावा नगर पंचायत अध्यक्ष रोहित साहू, जिला कार्यालय मंत्री, मंडल अध्यक्ष विपिन राजपूत, सभासद प्रतिनिधि लवकुश यादव, मंदिर प्रबंधक रमाकांत गुप्ता और पुजारी शैलेंद्र बाजपेयी समेत कई लोग मौजूद थे।

76 लाख रुपये से होना है मंदिर का जीर्णोद्धार

बताया गया कि मलिहाबाद विधायक के प्रयास से पर्यटन विभाग ने मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए 76 लाख रुपये मंजूर किए हैं। इसी परियोजना से जुड़े शिलान्यास और भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को किया गया था।

कार्यक्रम के दौरान ही विधायक की ओर से मंदिर में पूजा की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए गए। इसके बाद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उनके बेटे ने मंदिर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।

विधायक ने क्या आरोप लगाया?

विधायक जय देवी कौशल का आरोप है कि पूजा के दौरान उन्हें खड़ा रखा गया और उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया गया। उनके बेटे विकास किशोर ने सोशल मीडिया पोस्ट में इसे जातिगत भेदभाव से जोड़ते हुए मंदिर प्रशासन पर सवाल उठाए।

उन्होंने पूजा की व्यवस्था को लेकर भी आपत्ति जताई। आरोप के मुताबिक, पूजा पुजारी शैलेंद्र बाजपेयी करा रहे थे, जबकि मंत्रों का उच्चारण मंदिर प्रबंधक रमाकांत गुप्ता कर रहे थे।

विरोध के लिए मंदिर पहुंचे कार्यकर्ता

विधायक के बेटे की सोशल मीडिया पोस्ट सामने आने के बाद मामला और गरमा गया। आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष अजय भारती कार्यकर्ताओं के साथ मंदिर पहुंचे और विरोध दर्ज कराया।

मामले की सूचना मिलने पर काकोरी इंस्पेक्टर सतीश राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत कराया।

UP Weather Alert: मानसून फिर दिखाएगा रौद्र रूप! UP-दिल्ली से बिहार-MP तक भारी बारिश का अलर्ट

मंदिर प्रबंधक ने आरोपों को बताया गलत

वहीं, मंदिर प्रबंधक रमाकांत गुप्ता ने विधायक और उनके परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि मंदिर सभी जाति और वर्ग के लोगों के लिए है और यहां किसी के साथ भी भेदभाव नहीं किया जाता।

मंदिर प्रशासन के इस बयान के बाद अब पूरे मामले को लेकर दोनों पक्षों के दावों में विरोधाभास सामने आ गया है। फिलहाल, विवाद की असल वजह और कार्यक्रम के दौरान वास्तव में क्या हुआ, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

Related Articles