CM Yogi: गोरखपुर हादसे के बाद आज CM योगी का दौरा, मृतक आर्यवर्धन के परिजनों से कर सकते हैं मुलाकात; अखिलेश की रैली में गई थी जान

पीडीए रथयात्रा के दौरान बुलडोजर की कथित टक्कर से बीजेपी नेता के 13 वर्षीय बेटे की मौत, परिवार और कार्यकर्ताओं में आक्रोश।

CM Yogi: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पीडीए रथयात्रा के दौरान हुए दर्दनाक हादसे ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। रैली में शामिल बुलडोजर की कथित टक्कर से बीजेपी नेता ओंकार सिंह के 13 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन की मौत के बाद परिवार और बीजेपी कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है। परिजन लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचने वाले हैं। संभावना जताई जा रही है कि सीएम योगी इस दौरान पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सकते हैं।

बच्चे की मौत के बाद से ही इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। बीजेपी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने घटना के विरोध में प्रदर्शन किया है। वहीं, मुख्यमंत्री के गोरखपुर दौरे को देखते हुए पीड़ित परिवार को उनसे मुलाकात और न्याय की उम्मीद है।

बहन को स्कूल से लेने जा रहा था आर्यवर्धन

जानकारी के मुताबिक, 13 वर्षीय आर्यवर्धन केंद्रीय विद्यालय में 10वीं कक्षा का छात्र था। परिवार के अनुसार, बुधवार को जब अखिलेश यादव की पीडीए रथयात्रा का काफिला इलाके से गुजर रहा था, उसी दौरान आर्यवर्धन अपनी बहन को स्कूल से लेने जा रहा था।

परिजनों का आरोप है कि सड़क पार करते समय पीछे से आ रहे रैली में शामिल बुलडोजर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद आर्यवर्धन डिवाइडर से जा टकराया और उसके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई। आनन-फानन में उसे एम्स गोरखपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पिता ने बुलडोजर चालक पर लगाए गंभीर आरोप

आर्यवर्धन के पिता ओंकार सिंह ने हादसे को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अखिलेश यादव का काफिला घटनास्थल से काफी आगे निकल चुका था। इसके बाद पीछे से तेज रफ्तार में फूल बरसाता हुआ बुलडोजर आया और उनके बेटे को टक्कर मार दी।

ओंकार सिंह के मुताबिक, हादसे की जानकारी उन्हें पुलिस के फोन के जरिए मिली थी। हालांकि, शुरुआत में उन्हें बेटे की चोटों की गंभीरता के बारे में नहीं बताया गया। जब वे अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने बच्चे की मौत की जानकारी दी।

परिवार ने इस घटना को महज हादसा मानने से इनकार करते हुए इसे हत्या बताया है। साथ ही अखिलेश यादव और रथयात्रा के आयोजकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों और जिम्मेदारी का निर्धारण जांच के बाद ही हो सकेगा।

परिवार और बीजेपी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

आर्यवर्धन की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने भी परिवार के साथ मिलकर गोरखपुर की झारखंडी कॉलोनी के बाहर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी न्याय दिलाने की अपील की है।

इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज से दो दिवसीय गोरखपुर दौरा प्रस्तावित है। ऐसे में सबकी नजर इस बात पर है कि क्या मुख्यमंत्री पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे और उन्हें न्याय का भरोसा दिलाएंगे।

अखिलेश यादव बोले- मुझे घटना की जानकारी नहीं

दूसरी ओर, हादसे को लेकर जब अखिलेश यादव से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं है। सपा प्रमुख ने रैली के दौरान प्रशासनिक इंतजामों पर भी सवाल उठाए।

अखिलेश यादव का आरोप है कि प्रशासन की ओर से रैली के लिए उचित व्यवस्था नहीं की गई थी। उन्होंने बीजेपी के लोगों से सावधान रहने की बात कहते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधियों को झूठे मामलों में फंसाया जाता है।

Kiren Rijiju on Rahul Gandhi Statement: राहुल गांधी के ‘भारत में लोकतंत्र खत्म’ बयान पर किरेन रिजिजू का पलटवार, बोले- ‘अब उन्हें सुधर जाना चाहिए’, IMF के आंकड़ों से दिया जवाब

2027 चुनाव से पहले गरमाई यूपी की सियासत

गोरखपुर की इस घटना ने बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक टकराव को और तेज कर दिया है। एक तरफ बीजेपी कार्यकर्ता और मृतक के परिजन कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ अखिलेश यादव ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यह मामला राजनीतिक बहस का बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। अब सबकी नजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर दौरे और पीड़ित परिवार से संभावित मुलाकात पर टिकी है।

Related Articles