Medical Education: 2029 तक मेडिकल शिक्षा में बड़ा विस्तार, 75 हजार नई सीटें जोड़ने की तैयारी

Medical Education: 2029 तक 75 हजार नई मेडिकल सीटें जोड़ने का लक्ष्य, गुणवत्ता से समझौता नहीं करेगी सरकार।

Medical Education: देश में चिकित्सा शिक्षा को अधिक व्यापक बनाने और डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार मेडिकल कॉलेजों में सीटों की संख्या बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा है कि वर्ष 2029 तक 75 हजार नई मेडिकल सीटें जोड़ने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सरकार तैयार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीटों और संस्थानों की संख्या बढ़ाने के साथ मेडिकल शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखना भी सरकार की प्राथमिकता है।

नई दिल्ली के भारत मंडपम में वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज के आठवें दीक्षांत समारोह और संस्थान की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नड्डा ने यह बात कही। समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन भी मौजूद रहे। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से अपने संबोधन में चिकित्सा शिक्षा की क्षमता बढ़ाने का लक्ष्य रखा था। सरकार इसी दिशा में योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ रही है।

नड्डा ने पिछले एक दशक में मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में हुए विस्तार का उल्लेख करते हुए बताया कि देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 387 से बढ़कर 863 हो गई है। इसी अवधि में एमबीबीएस की सीटें लगभग 51 हजार से बढ़कर 1.43 लाख तक पहुंच गई हैं। वहीं, स्नातकोत्तर यानी पीजी की सीटों की संख्या भी करीब 31 हजार से बढ़कर 91 हजार हो गई है। उन्होंने बताया कि देश में एम्स संस्थानों की संख्या भी बढ़कर 23 हो चुकी है।

मेडिकल सीटों के विस्तार के लिए 15 हजार करोड़ का प्रावधान

स्वास्थ्य मंत्री ने मेडिकल शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार की वित्तीय योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2025 में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रत्येक अतिरिक्त स्नातक और स्नातकोत्तर मेडिकल सीट के लिए 1.5 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता को मंजूरी दी थी। इस योजना के तहत 10 हजार अतिरिक्त मेडिकल सीटें तैयार करने के लिए 15 हजार करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि मेडिकल शिक्षा में सीटों की संख्या बढ़ाना केवल संस्थानों का विस्तार करना नहीं है, बल्कि इसके साथ प्रशिक्षित शिक्षकों, बेहतर सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण की व्यवस्था भी जरूरी है। सरकार का प्रयास है कि अधिक विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा का अवसर मिले और उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

युवा डॉक्टरों से सेवा और संवेदनशीलता की अपील

समारोह में नड्डा ने मेडिकल की पढ़ाई पूरी कर रहे विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि चिकित्सा का पेशा केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि समाज के प्रति बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने युवा डॉक्टरों से अपने कार्य में समर्पण, करुणा और ईमानदारी बनाए रखने की अपील की। उनके मुताबिक, डॉक्टरों के व्यवहार और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता का उपचार प्रक्रिया में महत्वपूर्ण स्थान होता है।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी चिकित्सा सेवा के मानवीय पक्ष पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मरीज का इलाज केवल दवाइयां देने या सर्जरी करने तक सीमित नहीं होता। डॉक्टर के लिए मरीज की भावनाओं को समझना और उसे भरोसा दिलाना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने युवा चिकित्सकों को अपने पेशे में मानवीय दृष्टिकोण और सेवा भावना बनाए रखने का संदेश दिया।

Related Articles