Asian Games 2026: रिलायंस फाउंडेशन की फाउंडर और चेयरपर्सन नीता मुकेश अंबानी ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाली टीम इंडिया को बधाई दी। भारत ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स में कुल 85 पदक जीतकर मेडल टैली में चौथा स्थान हासिल किया। इनमें 21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य पदक शामिल हैं। रिलायंस फाउंडेशन के कार्यक्रमों और साझेदारियों से जुड़े खिलाड़ियों का भारत के 85 में से 29 पदकों में योगदान रहा। फाउंडेशन से जुड़े 48 खिलाड़ियों ने एशियन गेम्स में टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व किया।
बधाई देते हुए नीता अंबानी ने कहा, “टीम इंडिया ने देश को गर्व के कई पल दिए हैं। खासकर हमारी महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और युवा लड़कियों को प्रेरित किया। रिलायंस फाउंडेशन के खिलाड़ियों की सफलता युवा प्रतिभाओं पर हमारे भरोसे को और मजबूत करती है।”
एशियन गेम्स शुरू होने से पहले भी नीता अंबानी ने टीम इंडिया के लिए संदेश जारी किया था। उस समय उन्होंने रिलायंस फाउंडेशन से जुड़े 48 खिलाड़ियों का जिक्र करते हुए उनकी वर्षों की मेहनत के साथ उनके परिवारों के त्याग और समर्थन को भी याद किया था।
ओलंपिक में शामिल होने वाले 10 से अधिक खेलों में रिलायंस फाउंडेशन 200 से ज्यादा खिलाड़ियों को सपोर्ट करता है। इसके तहत खिलाड़ियों को स्कॉलरशिप के साथ स्पोर्ट्स साइंस, स्पोर्ट्स मेडिसिन, कोचिंग, टेक्नोलॉजी, उपकरण और अंतरराष्ट्रीय स्तर का एक्सपोजर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
नीता अंबानी ने भारत की जर्सी पहनकर मैदान में उतरने वाले हर खिलाड़ी का आभार जताया और उनके प्रदर्शन की सराहना की। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं और कुछ खेलों में लॉस एंजेलिस 2028 ओलंपिक के लिए क्वालिफिकेशन हासिल करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण सफलता मिली। पुरुष हॉकी टीम की स्वर्ण पदक जीत ने उसे 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक के लिए जगह भी दिलाई।
भारत का 85 पदकों का प्रदर्शन एशियन गेम्स के इतिहास में उसका दूसरा सबसे बड़ा पदक हासिल करने वाला अभियान रहा। इससे पहले 2023 के हांगझोउ एशियन गेम्स में भारत ने रिकॉर्ड 106 पदक जीते थे। 2026 में चौथे स्थान पर रहते हुए भारत ने एक बार फिर एशियाई खेलों में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई।



