NCERT Course: देशभर के शिक्षकों की पेशेवर क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से NCERT ने एक विशेष ऑनलाइन डिप्लोमा कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। यह कोर्स खासतौर पर उन शिक्षकों के लिए तैयार किया गया है जो कक्षा 6 से 8 तक विज्ञान विषय पढ़ाते हैं या भविष्य में इस क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं।
“डिप्लोमा इन टीचिंग ऑफ साइंस एट मिडिल स्टेज” नाम का यह कार्यक्रम शिक्षकों को केवल विषय ज्ञान ही नहीं, बल्कि छात्रों को प्रभावी ढंग से पढ़ाने की आधुनिक तकनीकों से भी परिचित कराएगा। पूरा कोर्स ऑनलाइन माध्यम से संचालित किया जाएगा, जिससे देश के किसी भी हिस्से से शिक्षक इसमें भाग ले सकेंगे।
आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू होगी
एनसीईआरटी के अनुसार इस कोर्स के लिए आवेदन प्रक्रिया 12 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 12 नवंबर 2026 तक अपना पंजीकरण करा सकेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत 16 नवंबर से होगी और इसका शैक्षणिक सत्र अगस्त 2027 तक चलेगा।
किन लोगों को मिलेगा लाभ?
यह कोर्स वर्तमान में कार्यरत शिक्षकों के साथ-साथ शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भी उपयोगी रहेगा। विज्ञान विषय में स्नातक कर चुके उम्मीदवार, बीएड या अन्य शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़े विद्यार्थी भी इसमें आवेदन कर सकते हैं।
एनसीईआरटी ने स्पष्ट किया है कि यह कोर्स शिक्षकों के कौशल विकास के लिए तैयार किया गया है। इसे किसी भर्ती या वैधानिक शिक्षक योग्यता के विकल्प के रूप में नहीं देखा जाएगा।
क्या-क्या पढ़ाया जाएगा?
कोर्स में विज्ञान के कई महत्वपूर्ण अध्यायों को शामिल किया गया है। प्रतिभागियों को ऊर्जा, बल, गति, ऊष्मा, तापमान, अम्ल-क्षार, धातु-अधातु और अन्य वैज्ञानिक अवधारणाओं को प्रभावी ढंग से पढ़ाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके अलावा शिक्षकों को कक्षा प्रबंधन, गतिविधि आधारित शिक्षण और छात्रों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के तरीकों से भी परिचित कराया जाएगा।
40 सप्ताह का होगा कार्यक्रम
इस डिप्लोमा कोर्स की अवधि 40 सप्ताह निर्धारित की गई है। पूरे कार्यक्रम को 40 मॉड्यूल में विभाजित किया गया है और प्रत्येक सप्ताह एक नया मॉड्यूल जारी किया जाएगा। प्रतिभागी अपनी सुविधा के अनुसार अध्ययन कर सकेंगे।
हर मॉड्यूल के अंत में मूल्यांकन परीक्षा होगी। सभी मॉड्यूल सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को अंतिम परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
फीस और अध्ययन व्यवस्था
इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को एक बार 2,000 रुपये का नामांकन शुल्क जमा करना होगा। पढ़ाई पूरी तरह ऑनलाइन होगी और इसके लिए डिजिटल स्टडी मैटेरियल, वीडियो लेक्चर और इंटरैक्टिव कंटेंट उपलब्ध कराया जाएगा।
एनसीईआरटी का मानना है कि यह कार्यक्रम विज्ञान शिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने में मदद करेगा और शिक्षकों को नई शिक्षा नीति के अनुरूप आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से जोड़ने का काम करेगा।



