NTA Exam Update: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने यूजीसी नेट दिसंबर 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा शहर से जुड़ी जानकारी दे दी है। एजेंसी ने एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है। इसके माध्यम से उम्मीदवार परीक्षा से पहले यह पता लगा सकते हैं कि उन्हें किस शहर में परीक्षा देने के लिए जाना होगा। इससे पहले सिटी स्लिप 23 नवंबर को जारी किए जाने की जानकारी दी गई थी।
इस बार दिसंबर सत्र की परीक्षा के लिए 9,75,505 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। परीक्षा देशभर में 87 विषयों के लिए आयोजित की जाएगी। एनटीए की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, यूजीसी नेट की परीक्षा 14, 15, 16, 17, 18 और 21 दिसंबर 2026 को कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) के रूप में होगी। इस परीक्षा के परिणाम के आधार पर जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ), असिस्टेंट प्रोफेसर पद की पात्रता और पीएचडी में प्रवेश के लिए योग्यता निर्धारित की जाती है।
वेबसाइट पर इन स्टेप्स से मिलेगी सिटी स्लिप
परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपनी सिटी इंटीमेशन स्लिप देख सकते हैं। इसके लिए एनटीए की वेबसाइट पर जाकर लॉगिन करना होगा। डाउनलोड करने की प्रक्रिया इस प्रकार है:
- सबसे पहले एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in खोलें।
- वेबसाइट के होम पेज पर कैंडिडेट एक्टिविटी सेक्शन में जाएं।
- यूजीसी नेट दिसंबर 2026 एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप से संबंधित लिंक पर क्लिक करें।
- निर्धारित स्थान पर अपना एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड भरें।
- लॉगिन डिटेल सबमिट करने के बाद परीक्षा शहर की जानकारी स्क्रीन पर आ जाएगी।
- स्लिप डाउनलोड करके अपने पास सुरक्षित रख लें।
सिटी स्लिप के बाद एडमिट कार्ड का इंतजार
परीक्षा शहर की जानकारी मिलने के बाद अब अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड जारी होने का इंतजार है। एनटीए के सूचना बुलेटिन के अनुसार, यूजीसी नेट दिसंबर 2026 का एडमिट कार्ड 7 दिसंबर को ऑनलाइन जारी किया जा सकता है। उम्मीदवारों को ध्यान रखना होगा कि सिटी इंटीमेशन स्लिप केवल परीक्षा शहर की अग्रिम जानकारी देने के लिए जारी की जाती है।
यह दस्तावेज परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए मान्य नहीं होगा। परीक्षा वाले दिन उम्मीदवारों को एनटीए की ओर से जारी एडमिट कार्ड साथ ले जाना अनिवार्य रहेगा। इसलिए अभ्यर्थी एडमिट कार्ड जारी होने के बाद उसे डाउनलोड कर उसमें दर्ज परीक्षा केंद्र के पते और निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें।
150 सवालों के लिए मिलेंगे 300 अंक
यूजीसी नेट की परीक्षा तीन घंटे की अवधि में पूरी होगी। इसमें पेपर-1 और पेपर-2 दोनों शामिल होंगे और इनके बीच कोई अलग ब्रेक नहीं दिया जाएगा। दोनों पेपर में ऑब्जेक्टिव टाइप यानी बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। भाषा विषय के प्रश्नपत्र को छोड़कर प्रश्नपत्र हिंदी और अंग्रेजी में उपलब्ध रहेगा।
पेपर-1 में 50 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके लिए कुल 100 अंक निर्धारित हैं। पेपर-2 में 100 प्रश्न होंगे और इसका पूर्णांक 200 अंक होगा। इस तरह दोनों पेपर मिलाकर कुल 150 प्रश्नों के लिए 300 अंक निर्धारित किए गए हैं।
गलत उत्तर देने पर नहीं होगी नेगेटिव मार्किंग
एनटीए के परीक्षा नियमों के अनुसार, प्रत्येक सही उत्तर पर दो अंक मिलेंगे। गलत उत्तर देने पर अभ्यर्थियों के अंक नहीं काटे जाएंगे। जिन प्रश्नों का उत्तर उम्मीदवार देंगे, उन्हीं का मूल्यांकन किया जाएगा। किसी प्रश्न को रिव्यू के लिए चिह्नित करना उसके मूल्यांकन की प्रक्रिया को प्रभावित नहीं करेगा।
जिन सवालों का उत्तर नहीं दिया जाएगा, उनके लिए कोई अंक नहीं मिलेगा। वहीं, यदि किसी प्रश्न में एक से अधिक विकल्प सही पाए जाते हैं तो सही विकल्पों में से किसी एक को चुनने वाले अभ्यर्थियों को पूरे दो अंक दिए जाएंगे। यदि किसी प्रश्न के सभी विकल्प सही पाए जाते हैं या प्रश्न गलत घोषित किया जाता है, तो उस प्रश्न का उत्तर देने वाले सभी उम्मीदवारों को दो अंक दिए जाएंगे।



